यमुनानगर, 26 मार्च।
यमुनानगर में बुधवार देर रात एक भयानक सड़क दुर्घटना में ट्रक चालक की मौत हो गई। यह हादसा रादौर-यमुनानगर मार्ग पर उस समय हुआ जब तेज गति से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ट्रक से टकरा गई।
पुलिस ने मृतक की पहचान सहारनपुर निवासी रजत परमार के रूप में की है। पेशे से ट्रक चालक रजत उस समय ट्रक लेकर यमुनानगर की ओर जा रहे थे। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सामने से आती ट्रैक्टर-ट्रॉली ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए ट्रक से जोरदार टक्कर मारी। इस टक्कर में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











