रायपुर, 20 मार्च।
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की अनुशंसा पर रजिस्टार जनरल रजनीश श्रीवास्तव द्वारा राज्य के विभिन्न न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश 18 मार्च को प्रभावी किया गया।
जारी आदेश के अनुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जांजगीर-चांपा शक्ति सिंह राजपूत को अम्बिकापुर सरगुजा स्थानांतरित किया गया है, जबकि हाई कोर्ट के रजिस्टार न्यायिक खिलावन राम रिगरी को कोंडागांव का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार जांजगीर के परिवार न्यायालय में पदस्थ संघरत्ना भटपहरी को कबीरधाम कवर्धा भेजा गया है।
अन्य स्थानांतरणों में जयदीप गर्ग को कोरबा से जांजगीर-चांपा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सुमित कपूर को रजिस्टार न्यायिक स्थापना, अमित कुमार कोहली को जगदलपुर से छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी बिलासपुर में अतिरिक्त निदेशक, दिग्विजय सिंह को रायपुर से न्यायिक अकादमी बिलासपुर में अतिरिक्त निदेशक तथा उमेश कुमार उपाध्याय को रायपुर से हाई कोर्ट में अतिरिक्त रजिस्टार न्यायिक के पद पर पदस्थ किया गया है।
इसके अतिरिक्त लीलाधर सारथी को कवर्धा से कोरबा में विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी के रूप में स्थानांतरित किया गया है। वहीं सिविल जज वर्ग के अंतर्गत अंकिता अग्रवाल, दिव्या गोयल, शैलेश कुमार वशिष्ठ, हर्षी अग्रवाल, मीनू नंद, काम्या, सिद्धार्थ आनंद सोनी, तन्मय ब्रह्म, श्वेता ठाकुर, विनय कुमार साहू, प्रेरणा वर्मा, पारुल साय, मिनी ठाकुर, रिद्धि बुरड़, ओम चौहान, सिद्धार्थ देवांगन, अंकिता देवदास, माला यादव, प्रगति गुर्दे और सीमा लकड़ा सहित कई अधिकारियों का विभिन्न जिलों में स्थानांतरण किया गया है।
इस व्यापक तबादला आदेश के माध्यम से न्यायिक प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कदम उठाया गया है।












