नई दिल्ली, 26 मार्च।
भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर गुरुवार और शुक्रवार को फ्रांस के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे अब्बे डेस वॉक्स-डी-सेर्ने में जी-7 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि जयशंकर फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट के आमंत्रण पर इस बैठक में शामिल होंगे और अपने समकक्ष देशों के साथ द्विपक्षीय बातचीत करने की संभावना भी है।
बैठक में कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है, जिनमें यूक्रेन की स्थिति, युद्ध के बाद पुनर्निर्माण प्रयास, समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय शासन प्रणाली में सुधार शामिल हैं। बैठक का उद्देश्य आने वाले जी-7 नेताओं के सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देना और समकालीन वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करना है।
विशेष रूप से यूक्रेन पर दो सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहले सत्र में क्षेत्रीय सुरक्षा और पुनर्निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसमें न्यूक्लियर सुरक्षा, ह्यूमनिटेरियन डीमाइनिंग और पुनर्निर्माण के लिए वित्तीय व्यवस्था पर विचार होगा। दूसरा सत्र समुद्री सुरक्षा और आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती पर होगा, साथ ही समुद्री मार्गों और नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने पर भी फोकस रहेगा।
ग्लोबल गवर्नेंस सुधार पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि बहुपक्षीय प्रणाली को मजबूत किया जा सके और देशों के बीच सहयोग बढ़ाया जा सके। इस बैठक में भारत के अलावा कई नॉन-जी-7 साझेदार देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। दोनों दिन सत्र, साइड इवेंट और वर्किंग लंच के माध्यम से प्रतिभागियों को विस्तार से बातचीत करने का अवसर मिलेगा।


.jpg)









