फारबिसगंज,25 फरवरी।
जिले के फारबिसगंज एनएच-27 पर आबिद बाबू पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने दूध से लदे पिकअप वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वाहन सड़क के डिवाइडर से टकराकर पलट गया, जिससे उसमें लदा दूध सड़क पर फैल गया और यातायात बाधित हो गया।
हादसे में पिकअप चालक और खलासी घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल चालक को बेहतर इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, चालक और खलासी पूर्णिया से माल अनलोड कर बथनाहा और जोगबनी जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।












