अनूपपुर, 26 मार्च।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में फुनगा चौकी के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर गुरुवार रात लगभग 10.30 बजे एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार में चल रहे डंपर के अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे से आ रहे मालवाहक वाहन में टक्कर लग गई, जिससे वाहन पर सवार 12 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
मौके पर पहुंचे फुनगा चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि हादसा तब हुआ जब डंपर के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रहे मालवाहक वाहन ने डंपर के पीछे जा टकराया। इसी दौरान उसके पीछे दूसरा वाहन भी इससे टकरा गया, जिससे घटना और गंभीर हो गई। घायलों में निगवानी क्षेत्र के निवासी शामिल थे, जो करहीबाह गांव में आयोजित बरहो कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

घायलों में रामनंद कोल (40), शिवाजी कोल (17), बबली कोल (37), नारायणी कोल (50), देवकुमारी कोल (19), प्रमिला अगरिया (13), रामदीन कोल (50), सुनील कोल (17), कस्तूरी कोल (40), गोधनी (30), सुशीला कोल (32), ऋतुवती अगरिया (30) और राधा कोल (70) शामिल हैं। घटना स्थल पर चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते, सहायक उप निरीक्षक कोमल अर्जरिया, प्रधान आरक्षक सूर्यभान सिंह और ट्रैफिक मित्र महेंद्र पनिका सहित पुलिस बल मौजूद थे। पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से एनएच-43 पर वाहनों की गति नियंत्रण और सुरक्षा उपाय सख्त करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।













