भोपाल, 25 मार्च।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘सूर्य-मित्र कृषि फीडर’ योजना में चयनित विकासकों को विद्युत क्रय अनुबंध वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री निवास में अनुबंध वितरण कार्यक्रम आज सुबह 11:30 बजे आयोजित किया गया है।
विद्युत विभाग के अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य की सूर्य-मित्र कृषि फीडर योजना के तहत ग्रिड से जुड़े पृथक और मिश्रित कृषि विद्युत फीडरों से संचालित पम्पों को सौर ऊर्जा से बिजली उपलब्ध कराने के लिए फीडरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। योजना में सम्पूर्ण फीडर और विद्युत सब-स्टेशन का सोलराइजेशन किया जाएगा।
मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम के एमडी अमनवीर सिंह बैंस ने बताया कि सोलराइजेशन के लिए जारी निविदाओं में विभिन्न क्षेत्र के विकासकों ने भाग लिया। आवश्यक योग्यताओं को पूरा करने वाले निवेशकों का चयन किया गया और इनके साथ 25 वर्षों तक विद्युत खरीदने के लिए अनुबंध हस्ताक्षरित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में विकासकों को विद्युत क्रय अनुबंध वितरित किए जाएंगे। यह योजना प्रदेश के कृषि क्षेत्र को सौर ऊर्जा से सशक्त बनाने, किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।












