नई दिल्ली, 24 मार्च।
बाहरी उत्तरी दिल्ली के बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार तड़के एक प्लाईवुड गोदाम में आग लग गई। इसकी सूचना सुबह करीब 3:55 बजे दमकल विभाग को मिली।
दमकल विभाग के अनुसार आग एन-219, सेक्टर-2 स्थित गोदाम में लगी, जो गंगा टोली मंदिर के पास है। शुरुआती तौर पर तीन वाटर टेंडर, दो वाटर बाउजर और एक क्विक रिस्पांस व्हीकल (क्यूआरवी) मौके पर भेजा गया। दमकल टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन गोदाम में ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
दमकल अधिकारी ने बताया कि आग की तीव्रता बढ़ने पर करीब 4:15 बजे और दमकल यूनिट्स को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद 4:50 बजे तक 7 और गाड़ियां पहुंचीं। दमकलकर्मियों की कड़ी मेहनत के बाद धीरे-धीरे आग पर काबू पाया गया। इस दौरान एक दमकलकर्मी प्रशांत के हाथ में मामूली चोट आई, जिन्हें तुरंत महार्षि वाल्मीकि अस्पताल, पूठ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, जबकि दमकल विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।












