अनूपपुर, 04 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में वन क्षेत्रों में हाथियों की सक्रियता फिर बढ़ गई है। एक सप्ताह के भीतर चार हाथियों ने अलग-अलग मार्गों से जिले में प्रवेश किया है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। शुक्रवार रात चार हाथियों का यह समूह डिंडोरी और छत्तीसगढ़ के मरवाही जिले की सीमाओं को पार कर अनूपपुर के जंगलों में विचरण करता हुआ शनिवार को डेरा जमा लिया। बीती रात उन्होंने खेतों में लगी विभिन्न फसलों को अपना आहार बनाया।
जानकारी के अनुसार, तीन हाथियों का एक समूह डिंडोरी जिले की सीमा पार कर शनिवार सुबह अनूपपुर के राजेंद्रग्राम वन क्षेत्र में लौट आया। बताया जा रहा है कि ये हाथी कुछ दिन पहले जोहिला नदी पार कर डिंडोरी चले गए थे। शुक्रवार रात वे वापस लौटे और शनिवार सुबह तुलरा बीट के टिकरादूधी गांव पहुंचे, जहां खेत में लगी चना और गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया। फिलहाल यह समूह पास के जंगल में आराम कर रहा है।
वहीं, छत्तीसगढ़ के मरवाही क्षेत्र से आया एक अकेला दो दांतों वाला हाथी जैतहरी के चोलना बीट में दाखिल हुआ। उसने गांव के खेत में लगी गेहूं की फसल को नुकसान पहुँचाया और उसके बाद जंगल की ओर बढ़ गया। वर्तमान में उसके होने की सूचना आसपास के क्षेत्रों में मिल रही है।
वन विभाग ने इस गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी हुई है। अधिकारियों ने कहा कि दोनों इलाकों में टीम तैनात हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर जैतहरी क्षेत्र में विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान रोका जा सके।












