काठमांडू, 04 अप्रैल 2026।
नेपाल की राजधानी काठमांडू में पुलिस ने रातभर चले सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुंडागर्दी, ठगी और बिचौलियागिरी में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ की गई।
काठमांडू के एसएसपी रमेश थापा ने बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों से कुल 195 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसमें त्रिभुवन अन्तर्राष्ट्रिय विमानस्थल, ठमेल और बुढानीलकण्ठ जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।
एसएसपी थापा ने बताया कि ठमेल और विमानस्थल क्षेत्रों में यात्रियों को परेशान करने वाले, पहले से गुंडागर्दी में शामिल और बिचौलिया गतिविधियों में लगे 195 व्यक्तियों को नियंत्रण में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, इन सभी के खिलाफ आगे की जांच जारी है।
त्रिभुवन अन्तर्राष्ट्रिय विमानस्थल से विशेष रूप से 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन पर यात्रियों को जबरन खींचने के आरोप हैं। गिरफ्तार व्यक्तियों में टैक्सी चालक और होटल प्रतिनिधि शामिल हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।












