पश्चिम बंगाल
03 Apr, 2026

कोलकाता में सीईओ कार्यालय हंगामा, छह के खिलाफ एफआईआर

कोलकाता में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के बाहर हंगामे में छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और स्थिति पर पुलिस की जांच जारी है।

कोलकाता, 03 अप्रैल।

पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के बाहर हुई घटना के मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें कोलकाता नगर निगम के तृणमूल कांग्रेस के दो पार्षद भी शामिल हैं।

हेयर स्ट्रीट थाना क्षेत्र में वार्ड संख्या 32 के पार्षद शांतिरंजन कुंडू और वार्ड संख्या 36 के पार्षद सचिन सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके अलावा मोहम्मद वसीम, मोइदुल, चंद्रकांत सिंह और मोहम्मद रिजवान अली भी आरोपित बनाए गए हैं। सभी के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार, 31 मार्च और 1 अप्रैल की रात आरोपित हेयर स्ट्रीट और स्ट्रैंड रोड चौराहे पर स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय के सामने अवैध रूप से जमा हुए थे। पुलिस की बार-बार चेतावनी के बावजूद वे वहां से नहीं हटे और सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालते रहे।

भीड़ के कारण सड़क आंशिक रूप से जाम हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और आम लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। आरोप है कि इस दौरान राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल के खिलाफ उकसाने वाले नारे भी लगाए गए।

घटना की जांच पुलिस ने प्रारंभ कर दी है और आरोपितों के खिलाफ आगे कार्रवाई की संभावना है। विवाद की शुरुआत मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 के उपयोग को लेकर हुई थी। मंगलवार दोपहर से ही तनाव बढ़ गया था।

तृणमूल समर्थकों का आरोप था कि कुछ लोग फार्म-6 से भरे बैग लेकर सीईओ कार्यालय में दाखिल हुए और बाहरी लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई।

स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को बैरिकेडिंग करनी पड़ी और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई। घटना के बाद भी बुधवार तक तनाव बरकरार रहा। पुलिस ने क्षेत्र में धारा 163 का दायरा बढ़ा दिया है और जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़