नई दिल्ली, 07 अप्रैल।
दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 में एक गंभीर सड़क हादसे में 41 वर्षीय कुक की मौत हो गई। पुलिस ने हिट एंड रन मामले में शामिल कार और चालक की पहचान कर ली है। आरोपी 19 वर्षीय युवक है, जबकि वाहन उसकी मां के नाम पर पंजीकृत है।
दक्षिणी जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि 31 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि बी-234 के सामने एक सिल्वर मारुति सियाज कार ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को नेशनल हार्ट इंस्टिट्यूट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुरेंद्र दास (41) के रूप में हुई, जो ग्रेटर कैलाश-1 में बी-246 के निवासी और घरेलू सहायक थे।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज की और आसपास के सभी संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। परिवहन विभाग से संदिग्ध वाहनों का डाटा प्राप्त कर कई गाड़ियों की जांच की गई और मालिकों से पूछताछ की गई।
तफ्तीश में पता चला कि हादसे वाली सिल्वर मारुति सियाज कार को रुहान चड्ढा (19) चला रहा था। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि हादसे के बाद वह घबरा कर फरार हो गया। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि वाहन को छिपाने और उसकी मरम्मत कराने की कोशिश की गई। पुलिस ने वाहन की मालिक निहारिका चड्ढा के खिलाफ भी साक्ष्य छिपाने और आरोपी की मदद करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।


.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)

