अमृतसर, 07 अप्रैल।
सिख धर्म के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर साहिब महाराज का पावन प्रकाश पर्व मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने इस अवसर पर शुभकामनाएं दीं और गुरु साहिब के अदम्य साहस और मानवता की सेवा के योगदान को याद किया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि गुरु तेग बहादुर ने धर्म और मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और अन्याय के खिलाफ अडिग रहते हुए करुणा व संवेदना की मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की जीवन गाथा का स्मरण कर मन गर्व से भर जाता है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लिखा कि गुरु तेग बहादुर त्याग, तपस्या और साहस का प्रतीक थे। उन्होंने धर्म, सत्य और मानवता की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया और उनका जीवन हमें न्याय, परोपकार और सच्चाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरु साहिब का तप, त्याग और बलिदान यह सिखाता है कि अन्याय के खिलाफ हमेशा डटकर खड़ा होना और धर्म व मानवता की रक्षा करना ही सच्ची साधना है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लिखा कि गुरु तेग बहादुर ने तप, त्याग और करुणा के माध्यम से मानवता के कल्याण का संदेश दिया, और उनका शौर्य धर्म की रक्षा के लिए अनंतकाल तक प्रेरणास्रोत रहेगा।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि गुरु साहिब का जीवन निस्वार्थ सेवा, धैर्य और अन्याय के विरुद्ध अडिग रहने की प्रेरणा देता है।




.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
