सोनीपत, 04 अप्रैल।
सोनीपत शहर में शनिवार सुबह सैर पर निकले दादा-पोते को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिसमें बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई और बच्चा घायल हो गया। चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के कारखाना मालिकों व अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इंडियन कॉलोनी गली नंबर 4 निवासी सत्यवान ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह अपने पिता जगबीर सिंह (75) और 13 वर्षीय बेटे हिमांशु के साथ रोजाना की तरह सुबह सैर पर निकले थे। गोहाना बाईपास रोड पर रेलवे पुल के पास पिता और बेटा उनसे कुछ आगे चल रहे थे। इसी दौरान जाहरी चौक की ओर से तेज गति से आ रही सफेद कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। चालक मौके से फरार हो गया। सत्यवान ने वाहन नम्बर देखने की कोशिश की, लेकिन पूरा नम्बर नोट नहीं कर सके।
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल सोनीपत ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति में उन्हें पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया। उपचार के दौरान जगबीर सिंह की मौत हो गई, जबकि हिमांशु को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त कर जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर थाना शहर सोनीपत में चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक वेदवीर की निगरानी में चल रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संबंधित क्षेत्र के कारखाना मालिकों व अन्य लोगों से पूछताछ कर संभावित वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


.jpg)









