शोणितपुर, 04 अप्रैल।
शोणितपुर के रंगापाड़ा में बीती रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसमें अज्ञात बदमाशों ने व्यवसायी संतोष साह से लगभग 22 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूट लिए। इस वारदात ने पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, संतोष साह अपनी ज्वेलरी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने बंदूक दिखाकर उन्हें धमकाया और मारपीट के बाद आभूषण छीनकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस वारदात ने रंगापाड़ा क्षेत्र में व्यापारी और आम नागरिकों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल को सतर्क रहकर अपराधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।


.jpg)









