हैलाकांदी, 04 अप्रैल।
ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने शनिवार को असम जातीय परिषद (एजेपी) के नेता लुरिनज्योति गोगोई पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “मुसलमानों का दुश्मन” करार दिया। अजमल ने एनआरसी प्रक्रिया का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इस दौरान लाखों मुसलमानों के नाम सूची से बाहर कर दिए गए।
बिन्नाकांदी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी प्रचार के दौरान अजमल ने एजेपी उम्मीदवार रेजाउल करीम चौधरी को चुनौती दी कि वे कुरान पर हाथ रखकर शपथ लें और स्पष्ट रूप से कहें कि लुरिनज्योति गोगोई मुसलमानों के खिलाफ नहीं हैं।
अजमल ने एजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि असम जातीय परिषद के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवार मुसलमानों के हितों के विरोधी हैं। उन्होंने चुनावी सभा में जमकर बयानबाजी की और पार्टी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया।
अजमल के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। हालांकि, एजेपी की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।











