गुवाहाटी, 04 अप्रैल।
असम के मुख्य सचिव कार्यालय ने वितरण में अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन के आरोप में राज्य के पांच एलपीजी वितरकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की कार्ययोजना और वर्तमान पश्चिम एशियाई स्थिति के मद्देनजर की गई है।
सरकारी आदेश के अनुसार निलंबित वितरकों में तेजपुर का बीएम गैस सर्विस, बिस्वनाथ चाराली का बिस्वनाथ गैस डिस्ट्रीब्यूटर, धुबड़ी का गदाधर गैस सर्विस, हाउली (बरपेटा) का केए इंडेन ग्रामीण वितरक और होजाई का प्रकाश इंडेन एजेंसी शामिल हैं। इनके एलपीजी आपूर्ति कार्य तत्काल बंद कर दिए गए हैं और सप्लाई प्लानिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन (एसपीडी) प्रणाली में इन्हें कोई आवंटन नहीं दिया जाएगा।
सरकार ने उपभोक्ताओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए इन एजेंसियों से जुड़े ग्राहकों को वैकल्पिक वितरकों से जोड़ा है ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। राज्य और जिला स्तर पर ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ समन्वय में एलपीजी आपूर्ति की सख्त निगरानी जारी है।
केंद्र और राज्य स्तर पर एलपीजी आपूर्ति की समीक्षा भी की गई है। घरेलू उपभोक्ताओं को शत् प्रतिशत आवंटन के साथ पर्याप्त गैस उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए 10 प्रतिशत अतिरिक्त आवंटन के साथ कुल आपूर्ति 70 प्रतिशत तक बढ़ाई गई है।
सरकार ने आवश्यक वस्तुओं के वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति दोहराई है और समीक्षा पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। एलपीजी आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


.jpg)








