नई दिल्ली, 04 अप्रैल 2026।
असम विधानसभा चुनाव प्रचार में केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भाजपा की मजबूत जीत का दावा किया है। सोनोवाल का कहना है कि इस बार भाजपा को 100 से अधिक सीटों पर विजय मिलेगी और राज्य में लगातार तीसरी बार भाजपा नेतृत्व वाली सरकार बनेगी।
सोनोवाल ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास कार्य किए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण, अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता और स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति जैसे सुधारों को जनता ने सराहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 1947 से 2016 तक केंद्र और राज्य में कांग्रेस शासन के बावजूद असम में मूलभूत सुविधाएं नहीं दी गईं। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और अवैध घुसपैठियों को बढ़ावा देकर सत्ता में बने रहने का प्रयास किया। इसके विपरीत, भाजपा सरकार ने पिछले दस साल में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शौचालय, उज्ज्वला योजना और जनधन योजना के तहत व्यापक कल्याण कार्य किए।
सोनोवाल ने असमिया भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिलाने, सांस्कृतिक धरोहर जैसे बिहू, बागुरुम्बा और झुमुर नृत्यों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि असम में गैर कानूनी ढंग से कब्जा की गई जमीन वापस मूल असमिया समुदाय को दिलाई गई और चाय बागानों के मजदूरों के लिए वित्तीय सहायता, बैंक खाते और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
केंद्रीय मंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर किए गए कदमों का भी जिक्र किया और बताया कि गर्भवती महिलाओं और महिलाओं के खातों में समय पर वित्तीय मदद उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा उन्होंने वैश्विक संकट और निर्यात-आयात के मुद्दों पर सरकार की रणनीति पर भी प्रकाश डाला।











