तेहरान/तेल अवीव, 04 अप्रैल 2026।
ईरान ने 28 फरवरी से अमेरिका और इजराइल के साथ जारी संघर्ष में अपनी आक्रामकता बढ़ा दी है। राजधानी तेहरान के पश्चिम में करज में गुरुवार को महत्वपूर्ण पुल पर हमले के बाद ईरान ने शुक्रवार को इजराइल के तीन शहरों पर हवाई हमला किया। इसी के साथ ईरान ने अमेरिका का एक और विमान मार गिराने का दावा भी किया।
हवाई हमलों में रामत गान में बमबारी हुई, जिसमें एक इमारत ध्वस्त हो गई। रोश हा’यिन में हमला करने के बाद बिजली गुल हो गई। फायर एंड रेस्क्यू सर्विस ने इन घटनाओं की पुष्टि की है। बीरशेबा के दक्षिण स्थित नियोत होवाव औद्योगिक क्षेत्र में ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइल दागी। बेनी ब्राक में हमले के दौरान एक व्यक्ति को हल्की चोट आई, जिसे मयानेई हयेशुआ मेडिकल सेंटर ले जाया गया।
इसी बीच करज में गुरुवार को पुल पर हुए हमले के बाद ईरान ने शुक्रवार को अमेरिकी ए-10 लड़ाकू विमान को होर्मुज जलडमरूमध्य के पास मार गिराने का दावा किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के प्रमुख पुल को नष्ट करने के बाद चेतावनी दी कि नागरिक सुविधाओं और बिजली संयंत्रों पर हमले झेलने के लिए तेहरान तैयार रहे। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने ट्रंप की धमकी को बड़े पैमाने पर युद्ध अपराध की स्वीकारोक्ति बताया।
कुवैत ने बताया कि ईरान ने जल विलवणीकरण संयंत्र और तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया, जबकि ईरान ने विलवणीकरण संयंत्र पर हमले की बात से इनकार किया। इसके अलावा, ईरान ने इजराइल पर भी मिसाइल हमले किए हैं। 28 फरवरी से अब तक अमेरिका-इजराइल के हमलों में पूरे ईरान में कम से कम 2,076 लोग मारे गए और 26,500 घायल हुए हैं।
इस घटनाक्रम ने क्षेत्र में तनाव और बढ़ा दिया है और सुरक्षा हालात गंभीर बने हुए हैं।











