रायसेन, 03 अप्रैल।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर रायसेन में 11 से 13 अप्रैल तक राष्ट्रीय स्तर का उन्नत कृषि महोत्सव आयोजित किया जाएगा। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम किसानों को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और बाजार से जोड़कर खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
महोत्सव का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे, जबकि समापन सत्र में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शामिल होंगे। इस आयोजन से किसानों और कृषि विशेषज्ञों के बीच संवाद को बढ़ावा मिलेगा।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि यह महोत्सव रायसेन, विदिशा और सीहोर सहित पूरे क्षेत्र में खेती-किसानी में नई ऊर्जा और बदलाव की लहर लाएगा। इस आयोजन में तैयार होने वाला कृषि रोडमैप भविष्य में किसानों की आय बढ़ाने और खेती को टिकाऊ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महोत्सव में “बीज से बाजार तक, प्रयोगशाला से खेत तक” की पूरी श्रृंखला किसानों के लिए एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। इसमें नए उपकरणों, तकनीक और बाजार की जानकारी एक साथ प्रदान की जाएगी।
मेले में ड्रोन, सूक्ष्म सिंचाई, फर्टिगेशन, न्यूट्री-केयर, स्मार्ट फार्मिंग और टिश्यू कल्चर जैसी आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही रीपर-बाइंडर, हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, बेलर और रोटावेटर जैसी मशीनों का लाइव डेमो देकर किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की मोबाइल मिनी-लैब के माध्यम से मृदा परीक्षण, समेकित कृषि प्रणाली और प्राकृतिक खेती के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा डेयरी, बकरीपालन, कुक्कुट और मत्स्यपालन से संबंधित इकाइयाँ, मोबाइल वेटरनरी सेवा, बीज मिनीकिट वितरण और फसल बीमा की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
इस महोत्सव में कृषि मंत्रालय के विभिन्न विभाग, कृषि विश्वविद्यालय, केवीके, बीज और उर्वरक कंपनियां, बैंक, बीमा कंपनियां, एफपीओ, स्टार्ट-अप्स, एमएसएमई और नेफेड सहित कई संस्थान हिस्सा लेंगे। साथ ही देशभर से प्रगतिशील किसान, महिला समूह, ड्रोन दीदी और ग्रामीण उद्यमियों को आमंत्रित किया गया है।
13 अप्रैल को केवीके सम्मेलन, एफपीओ मीट, बीज और तकनीक पर विशेष सत्र और किसान-वैज्ञानिक संवाद आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में क्षेत्रीय जरूरतों के अनुसार स्थानीय समाधान तैयार किए जाएंगे।
समापन सत्र में रायसेन, विदिशा और सीहोर क्षेत्र के लिए समग्र कृषि रोडमैप प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई, एकीकृत खेती, पशुपालन, प्रसंस्करण और बाजार से जुड़ाव के ठोस लक्ष्य निर्धारित होंगे।
इस रोडमैप में आधुनिक तकनीक, एआई आधारित सेवाएं, डिजिटल प्लेटफॉर्म, फसल बीमा और सस्ती ऋण सुविधा के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने का स्पष्ट मार्ग तय किया जाएगा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह महोत्सव केवल तीन दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र में खेती को अधिक उत्पादक, लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए दीर्घकालिक पहल साबित होगा।


.jpg)









