कैथल, 04 अप्रैल।
जिले के गांव गदली पट्टी खौत में एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने उसे लात-घूंसों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके दांत तक तोड़ दिए। पीड़ित की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी चिमन गिर ने बताया कि वह दिव्यांग है और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी एक टांग टूटी हुई है। बीती रात वह गांव में ही विनोद की दुकान पर सामान लेने गया था।
चिमन ने कहा कि जैसे ही वह दुकान पर पहुंचे, आरोपी विनोद ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। आरोपी के वारों से उनके दांत टूट गए और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आईं।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित को आरोपी के चंगुल से छुड़वाया। बाद में वह घर लौट आया, लेकिन दर्द बढ़ने पर उसके बेटे सचिन और गोल्डी उसे अस्पताल लेकर गए, जहां उसका उपचार कराया गया।
शहर थाना की एसएचओ गीता ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।











