पूर्वी चंपारण, 04 अप्रैल।
जिले के तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब से मौत और गंभीर स्वास्थ्य संकट ने हड़कंप मचा दिया है। इस घटना में अबतक छह लोगों की जान चली गई है, जबकि दर्जन भर से अधिक लोग बीमार हैं और कई की आंखों की रोशनी प्रभावित हुई है। सभी बीमारों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में किया जा रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
मरने वालों में जयसिंहपुर पुलवाघाट के चंदू प्रसाद, परसौना के प्रमोद यादव, परिक्षण मांझी, बालगंगा के सम्पत साह, हरदिया के हरी भगत और लालकिशोर राय शामिल हैं। वहीं, बालगंगा के विनोद साह, राहुल पासवान, लोहा ठाकुर और लड्डू साह समेत कई लोगों की हालत नाजुक है। चिकित्सकों ने लड्डू साह और विनोद साह को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम परसौना और बालगंगा में शराब का सेवन करने के बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। लगातार मौतों से बालगंगा, लक्ष्मीपुर, गदरिया परसौना और हरदिया गांवों में मातम का माहौल बन गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने तुरकौलिया के थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी को निलंबित कर दिया है। वहीं, चौकीदार भरत यादव को गिरफ्तार किया गया है, जो मुख्य शराब कारोबारी नागा राय का रिश्तेदार बताया जा रहा है और आरोपी को सहयोग करता था।
पुलिस ने मुख्य आरोपी नागा राय समेत आठ शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है और अन्य सप्लायरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी तेज कर दी है। रघुनाथपुर और तुरकौलिया थाना में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। मृतक प्रमोद यादव की पत्नी सुगंति देवी के आवेदन पर भी जहरीली शराब से मौत का मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाकर लोगों का इलाज शुरू कर दिया है।
एसपी, डीएसपी और एसडीओ की टीम गांवों में लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। डीआईजी हरकिशोर राय ने बताया कि सभी बीमारों का समुचित इलाज कराया जा रहा है और मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इधर, छापेमारी के दौरान पीपराकोठी से 700 लीटर स्प्रिट जब्त किया गया, जिसकी जांच रिपोर्ट में शुद्ध मेथनॉल की पुष्टि हुई है। यदि यह खेप वितरित हो जाती तो हजारों लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा होता। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेप का वितरण कहां-कहां और किन लोगों को किया गया।


.jpg)









