पटना, 04 अप्रैल। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आज 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प सभागार में वर्ष 2024 बैच के बिहार कैडर के भारतीय वन सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी हिमांशु द्विवेदी, प्रिंस कुमार सिंह, रविंदर कुमार वर्मा और योगेश बोरकर ने भेंट की।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि आप सभी ने अपने अनुभव साझा किए और अभी आप लोग ट्रेनिंग पीरियड में हैं, उसके बाद आपकी पोस्टिंग होगी। उन्होंने बताया कि बिहार में हरित आवरण पहले मात्र 9 प्रतिशत था, जिसे राज्य सरकार के प्रयासों से बढ़ाकर 17 प्रतिशत किया गया है। हरित आवरण बढ़ाने में अधिकारी अपनी भूमिका निभाएँ।
नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि राज्य में वर्षा की कमी के कारण जल संचयन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि ग्राउंड वाटर का स्तर संतुलित रहे। शहरों में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए आम जनता में जागरूकता फैलाना भी आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को ईमानदारी, अनुशासन और पूर्ण मनोयोग से कार्य कर राज्य और देश की उन्नति में योगदान देने का निर्देश दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ चन्द्रशेखर सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक प्रभात कुमार गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


.jpg)









