किशनगंज, 04 अप्रैल।
किशनगंज के एसडीपीओ गौतम कुमार से जुड़े कथित आय से अधिक संपत्ति मामले में नया मोड़ आया है। आर्थिक अपराध इकाई की जांच में 80 करोड़ रुपये से अधिक की कथित बेनामी संपत्ति के खुलासे के बाद अब एसडीपीओ की घरेलू सहायिका पारो से जुड़े मामले ने भी सुर्खियां बटोरी हैं।
सूत्रों के अनुसार पारो के पास लग्जरी जीवनशैली और भारी संपत्ति होने की चर्चाएं हैं। बताया जा रहा है कि उसे घर से सरकारी आवास तक लाने-ले जाने के लिए करीब 35 लाख रुपये कीमत की लग्जरी कार का इस्तेमाल किया जाता था। कई बार एसडीपीओ के निजी वाहन या सरकारी वाहन भी विशेष रूप से पारो के लिए भेजे जाते थे।
स्रोतों के अनुसार एक तस्वीर में पारो के हाथ में बड़ी नकदी होने का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा कहा जा रहा है कि एसडीपीओ ने पारो को बुलेट बाइक भी उपहार में दी थी। पारो ने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के मलद्वार इलाके में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से मकान बनवाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक सामान्य घरेलू सहायिका के पास इतनी संपत्ति, लग्जरी वाहन और कीमती सामान होना कई सवाल खड़े करता है। सूत्रों ने यह भी दावा किया कि पारो के घर में महंगे आभूषण और अन्य कीमती सामान देखे गए थे। फिलहाल इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पूरे मामले के खुलासे के बाद पारो अपने परिवार के साथ घर से अनुपस्थित हैं, जिससे मामले में संदेह और बढ़ गया है। एसडीपीओ गौतम कुमार पर पहले से ही आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है और आर्थिक अपराध इकाई द्वारा जांच जारी है। नौकरानी से जुड़े नए तथ्यों के सामने आने के बाद जांच का दायरा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस प्रशासन भी मामले की गंभीरता को देखते हुए सतर्क है, जबकि स्थानीय लोग इस खुलासे को लेकर चकित हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।


.jpg)








