सुपौल, 03 अप्रैल, 2026।
त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 5 स्थित मंगल बाजार के पुराने पोखर का स्वरूप अब पूरी तरह बदल चुका है। कभी जलस्रोत के रूप में उपयोग होने वाला यह पोखर अब गंदगी, सड़ते कचरे और प्लास्टिक से भरा हुआ नजर आता है। नगर परिषद प्रशासन की उदासीनता के चलते यह स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा हो गया है। राहगीरों को यहां से गुजरते समय दुर्गंध से बचने के लिए नाक पर रुमाल या कपड़ा रखना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ-साथ यहां से उठती बदबू असहनीय हो जाती है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। पोखर के आसपास मच्छर और अन्य कीटों का अड्डा बन गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने नगर परिषद को कई बार लिखित और मौखिक रूप से शिकायतें दीं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही प्राप्त हुआ।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि स्वच्छता के बड़े दावे करने वाला प्रशासन जमीनी स्तर पर पूरी तरह असफल साबित हो रहा है। यदि समय रहते सफाई और उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो यह गंदगी किसी गंभीर बीमारी का कारण बन सकती है। ऐसे में नागरिकों ने नगर परिषद से आग्रह किया है कि अविलंब सफाई अभियान चलाकर इस पोखर को कचरा मुक्त किया जाए और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
इस मामले में वार्ड पार्षद महेश कुमार ने बताया कि जल्द ही इस क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को गंदगी और बदबू से राहत मिल सके।











