भोपाल, 04 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश में मौसम ने पूरी तरह करवट बदल ली है और अगले 24 घंटों में भोपाल-ग्वालियर सहित 45 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य हिस्से में सक्रिय टर्फ लाइन और ऊपरी स्तर पर सक्रिय दूसरे सिस्टम के कारण यह अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ सिस्टम लगातार चौथे दिन असर दिखा रहे हैं। इनका संयुक्त प्रभाव प्रदेश के 30 से 35 जिलों में मौसम को प्रभावित कर रहा है। शुक्रवार को 20 से अधिक जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिला।
मौसम विभाग ने शनिवार को जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, दमोह और कटनी जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई है। वहीं भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में भी तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक का दौर बना रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 7 अप्रैल तक यह चक्रवाती और साइक्लोनिक सिस्टम सक्रिय रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 7 अप्रैल से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जो 10 अप्रैल तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और आंधी का असर बनाए रखेगा।
इसके बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होगा और गर्मी में तेजी आएगी। अप्रैल के दूसरे सप्ताह से तापमान बढ़ने लगेगा और महीने के अंत तक ग्वालियर, धार, खरगोन और खजुराहो में तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में गर्म हवाओं के कारण भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।












