भोपाल, 04 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल आज शनिवार को खंडवा और खरगोन जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे जननायक टंट्या भील की जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
राज्यपाल पटेल भोपाल से प्रस्थान करके प्रातः 10.15 बजे खंडवा जिले के पंधाना विकासखंड के ग्राम बड़ौदा अहीर पहुंचेंगे। यहाँ वे प्रातः 11 बजे जननायक टंट्या भील के स्मारक पर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद 11.30 बजे जन्म दिवस समारोह में उपस्थित हितग्राहियों को सिकल सेल कार्ड और आयुष्मान कार्ड वितरित करेंगे।
राज्यपाल पटेल दोपहर 12.30 बजे स्थानीय विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे और मध्यान्ह भोजन करेंगे। इसके पश्चात वे दोपहर 1.15 बजे हेलीपैड से खरगोन के लिए रवाना होंगे।
खरगोन पहुंचने के बाद, दोपहर 1.50 बजे वे कार द्वारा सनावद रोड स्थित रक्षा अस्पताल के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 2 बजे अस्पताल पहुँचकर वे सिकल सेल यूनिट का लोकार्पण करेंगे और सिकल सेल जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम समाप्ति के पश्चात राज्यपाल दोपहर 3.40 बजे हेलिपैड से मांडव के लिए प्रस्थान करेंगे।
जिला प्रशासन ने राज्यपाल के प्रवास को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की हैं और कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने की तैयारी की गई है।












