पूर्वी चंपारण, 04 अप्रैल।
जहरीली शराब से मौत के मामले में चल रही छापेमारी के दौरान पीपराकोठी से बरामद स्प्रिट की जांच रिपोर्ट में शुद्ध मेथनॉल पाया गया है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पिपरा कोठी के सलेमपुर से जब्त 700 लीटर स्प्रिट का केमिकल परीक्षण किया गया, जिसमें पूरी खेप जहरीली साबित हुई।
पुलिस ने कहा कि इसी खेप का कुछ हिस्सा तुरकौलिया के परसौना और बालगंगा में शराब तस्करों तक भेजा गया था। समय रहते इसे जब्त कर लिया गया, अन्यथा पूरी खेप की सप्लाई हो जाती और हजारों लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने एसआईटी की बहादुरी की सराहना की और कहा कि एसआईटी में शामिल पुलिस कर्मियों को पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जहरीली शराब से मौत और बीमारियों के इलाज के बीच पुलिस ने शराब तस्करों पर कार्रवाई तेज कर दी है।
एसपी ने खुलासा किया कि पीपराकोठी के शराब माफिया कन्हैया और राजा ने स्प्रिट मंगवाया और परसौना के खलीफा तथा सुनील शाह को बेच दिया। इन दोनों ने इसे आगे नागा राय और जम्मू बैठा को सप्लाई किया। नागा राय ने परसौना क्षेत्र में और जम्मू बैठा ने बालगंगा क्षेत्र में वितरण किया। राजा, जम्मू बैठा और नागा राय को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य के खिलाफ छापेमारी जारी है।


.jpg)









