औरैया, 04 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक गंभीर रेल हादसा हुआ, जिसमें फकीरे का पुरवा निवासी राजपाल पुत्र राम नरेश मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना रेलवे पावर हाउस के पास विकास वैली रिसॉर्ट के सामने डीएफसी लाइन पर हुई। हादसे में युवक का दायां पैर और हाथ का पंजा कट गया।
घटना की जानकारी के अनुसार राजपाल रेलवे लाइन पार कर रहे थे कि अचानक डीएफसी लाइन पर आ रही मालगाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बताया गया कि ट्रेन का हॉर्न सुनाई नहीं दिया, जिससे हादसा टला नहीं जा सका।
हादसे के कारण मालगाड़ी करीब 15 मिनट तक पूर्वी आउटर पर रुक गई, जिससे रेलवे यातायात प्रभावित हुआ। युवक किसी कार्य से दिबियापुर आए हुए थे। सूचना मिलते ही एसआई अरविंद अग्रवाल और सिपाही अर्जुन सिंह मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर में भर्ती कराया गया।
एसआई अरविंद अग्रवाल ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने राजपाल को मेडिकल कॉलेज चिचौली रेफर कर दिया है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सक उसे लगातार देख-रेख में रख रहे हैं।











