भोपाल, 04 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी और अपराध नियंत्रण के लिए प्रदेशभर में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखी है। इसी क्रम में पिछले तीन सप्ताह में पुलिस ने विभिन्न जिलों से कुल 52 अवैध हथियार जब्त कर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय की जानकारी के अनुसार, इंदौर जिले के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के माध्यम से अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 06 देशी पिस्टल और 04 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इंदौर ग्रामीण के थाना मानपुर में पुलिस ने अलग कार्रवाई करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 पिस्टल जब्त की। इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 16 अवैध हथियार पुलिस के हाथ लगे।
खरगोन जिले में थाना गोगावां पुलिस ने अंतर्राज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया। उत्तर प्रदेश और हरियाणा के आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 देशी पिस्टल, 05 देशी कट्टे और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। इसके अलावा थाना गोगावां और थाना भीकनगांव में अलग-अलग कार्रवाई में 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 08 देशी पिस्टल और 02 मोटरसाइकिल जब्त की गई। खरगोन जिले में कुल 23 अवैध हथियार जब्त किए गए।
बड़वानी जिले के थाना निवाली में पुलिस ने एक अवैध हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 07 देशी पिस्टल बरामद की। वहीं, जबलपुर जिले में क्राइम ब्रांच और थाना पाटन की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों के कारोबार में लिप्त 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 04 देशी पिस्टल, 08 कारतूस, 03 मोबाइल फोन और एक कार जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
बुरहानपुर जिले के थाना खकनार में भी अंतर्राज्यीय अवैध हथियार तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पंजाब के 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 02 हस्तनिर्मित पिस्टल जब्त की गई हैं।












