नई दिल्ली, 04 अप्रैल।
होली के दिन इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी शिवम उर्फ शिवा को क्राइम ब्रांच ने दबोच लिया है। गिरफ्तारी के समय उसके पास से दो देशी कट्टे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शनिवार को बताया कि आरोपी मुकुंदपुर का निवासी है और वह भलस्वा डेयरी थाने में दर्ज फायरिंग के मामले में वांछित था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में आरोपी हाथ में दो कट्टे लेकर लोगों को धमकाता नजर आया था।
पुलिस के अनुसार, चार मार्च को होली के दिन मुकुंदपुर पार्ट-2 में आरोपी ने अरविंद कुमार पांडेय के साथ कहासुनी के बाद फायरिंग की। आरोपी शराब के नशे में था और पहले गाली-गलौज करते हुए झगड़ा किया। इसके बाद वह दो देशी कट्टे लेकर लौटा और जान से मारने की नीयत से गोली चलायी। हालांकि, पीड़ित बाल-बाल बच गया और घर के अंदर जाकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद आरोपी ने इलाके में हंगामा किया और खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुँचाया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। मामले में भलस्वा डेयरी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। लगातार निगरानी के बाद तीन अप्रैल को क्राइम ब्रांच ने यूईआर-2 के पास छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो लोडेड देशी कट्टे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें फायरिंग और हत्या जैसी घटनाएं शामिल हैं। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।


.jpg)







