नई दिल्ली, 04 अप्रैल।
साइप्रस में चल रहे फिडे कैंडिडेट्स 2026 के पांचवें राउंड में जावोखिर सिंदारोव ने शानदार खेल जारी रखते हुए हिकारू नाकामुरा को हराया और लगातार तीसरी जीत हासिल की। इस जीत के साथ सिंदारोव 5 राउंड के बाद 4.5 अंकों के साथ अकेले बढ़त पर बने हुए हैं।
सिंदरोव ने मुकाबले में सेंटर में समय पर ब्रेक और सक्रिय रणनीति अपनाकर नियंत्रण अपने हाथ में रखा। उन्होंने 14...Nxb4 चाल से व्हाइट के क्वींसाइड विस्तार को चुनौती दी और 16वीं चाल में c5 खेलकर दबाव बढ़ाया। धीरे-धीरे अपने मोहरों को बेहतर स्थिति में लाकर किंगसाइड पर f6, h6 और g5 जैसी चालों से दबाव बनाए रखा। 41वीं चाल में gxh4 के साथ निर्णायक बढ़त हासिल की और मुकाबला अपने नाम किया।
भारत के आर प्रज्ञानानंद ने लगातार दूसरे मुकाबले में ड्रॉ खेला। उन्होंने आंद्रेई एसिपेंको के खिलाफ थ्रीफोल्ड रिपीटेशन के जरिए अंक साझा किए। प्रज्ञानानंद ने संतुलित शुरुआत की, लेकिन दोनों खिलाड़ियों ने निर्णायक बढ़त नहीं बनाई और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
चौथे राउंड में हार के बाद दिव्या देशमुख ने वापसी करते हुए तान झोंगयी के खिलाफ ड्रॉ खेला। मुकाबला शुरुआत से संतुलित रहा और दोनों खिलाड़ियों ने अलग-अलग विंग्स पर खेलते हुए रणनीति अपनाई। मिडिल गेम में तान ने Ra5, Rfa1, Ra7 और नाइट मूव्स से दबाव बनाया, लेकिन दिव्या ने Nd6, Nd7 और समय पर किंग को सेंटर में रखकर बेहतरीन बचाव किया। 42वीं चाल के बाद पर्पेचुअल चेक से ड्रॉ सुनिश्चित हुआ।
अन्य मुकाबलों में कातेरिना लाग्नो ने बिबिसारा असाउबायेवा को हराया। ओपन वर्ग में फैबियानो कारुआना ने मथियास ब्लूबाउम को मात देकर 3.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत की। वहीं, अनिश गिरी और वेई यी के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा।
महिला वर्ग के एक अन्य मुकाबले में झू जिनर ने आर वैशाली को हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और अपना प्रदर्शन मजबूत किया।


.jpg)









