रेवाड़ी, 04 अप्रैल।
रेवाड़ी जिले में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर खड़ी गैस एजेंसी की गाड़ी से सिलेंडर चोरी होने की घटना सामने आई है। चोरों ने देर रात गाड़ी का ताला तोड़कर छह गैस सिलेंडर ले उड़े। सूचना मिलने पर धारूहेड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भिवानी जिले के गांव अमीरवास निवासी राजेश ने पुलिस को बताया कि वह लोहारू स्थित गैस एजेंसी की गाड़ी का चालक है। वह भारत पेट्रोलियम के प्याला बल्लभगढ़ प्लांट से 306 गैस सिलेंडर लेकर भिवानी जा रहा था। शुक्रवार शाम को वह प्लांट से रवाना हुआ और दिल्ली-जयपुर हाईवे पर राव व संगम होटल के पास पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर सो गया।
देर रात होटल कर्मचारियों ने कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी और चालक को सूचना दी। जांच के दौरान गाड़ी का ताला टूटा हुआ पाया गया और छह सिलेंडर गायब थे। इसके बाद चालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
राजेश ने बताया कि कंपनी के नियम के अनुसार रात 11 बजे के बाद भरे सिलेंडरों के साथ सड़क पर सफर नहीं किया जाता, इसलिए उसने समय से पहले सुरक्षित स्थान पर गाड़ी खड़ी की थी। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।










