यमुनानगर, 04 अप्रैल।
यमुनानगर में चल रही विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मेयर सुमन बहमनी ने शनिवार को विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने कैनाल रेस्ट हाउस रोड और आजाद नगर स्थित सामुदायिक केंद्र सहित अन्य निर्माण परियोजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण सामग्री, सड़क की मजबूती, लेवलिंग और तकनीकी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की।
मेयर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं में निर्धारित मानकों का पालन सख्ती से किया जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने कहा कि कार्यों की नियमित निगरानी कर उन्हें तय समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए, ताकि आम जनता को सुविधाओं का लाभ जल्द मिल सके।
नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिसमें सुदृढ़ सड़कें और सामुदायिक ढांचा शामिल हैं। प्रत्येक परियोजना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन चौक के निकट अतिक्रमण की समस्या पर भी मेयर ने गंभीरता जताई और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को शीघ्र हटाया जाए, ताकि यातायात सुचारू रहे और निर्माण कार्य प्रभावित न हों।












