भोपाल, 23 मई।
राजधानी भोपाल शनिवार की शाम एक बड़े एंटरटेनमेंट आयोजन की साक्षी बनने जा रही है, जहां गोविंदपुरा स्थित बीएचईएल दशहरा मैदान में शाम 5.00 बजे से फिल्म ‘पेद्दी’ का म्यूजिकल इवेंट “पेद्दी की आवाज” आयोजित किया जाएगा, जिसमें मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान की लाइव प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।
कार्यक्रम को लेकर फिल्म की प्रोडक्शन टीम ने जानकारी दी है कि इसमें आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। फिल्म ‘पेद्दी’ में साउथ सुपरस्टार राम चरण तेजा मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि उनके साथ जाह्नवी कपूर, डॉ. शिव राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
निर्देशक बुच्ची बाबू सना की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्म ‘पेद्दी’ के प्रचार के लिए पूरी टीम के साथ राम चरण भोपाल पहुंचे हैं। फिल्म की रिलीज आगामी 4 जून को सिनेमाघरों में तय है, जिससे पहले ही इसके प्रति युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
मुंबई में भव्य ट्रेलर लॉन्च के बाद आज शाम 5 बजे से बीएचईएल दशहरा मैदान में ग्रैंड म्यूजिकल इवेंट आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान की लाइव प्रस्तुति होगी, जिसके लिए मुंबई से लगभग 150 करोड़ रुपये मूल्य के अत्याधुनिक संगीत उपकरण भी विशेष रूप से भोपाल लाए गए हैं।
इसी इवेंट में फिल्म का बहुप्रतीक्षित स्पेशल सॉन्ग पूरी स्टारकास्ट की मौजूदगी में लॉन्च किया जाएगा, जिसमें राम चरण के साथ श्रुति हासन और जाह्नवी कपूर की खास उपस्थिति और शानदार परफॉर्मेंस देखने को मिलेगी।






.jpg)






