मुंबई, 24 अक्टूबर।
अभिनेता प्रभास के प्रशंसकों के लिए फिल्म ‘सालार’ के सीक्वल को लेकर अच्छी खबर है। प्रभास और निर्देशक प्रशांत नील ने पुष्टि की है कि ‘सालार पार्ट 2 : शौर्यांग पर्व’ की शूटिंग जून 2027 में शुरू होगी। इस घोषणा के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ गया है।
प्रभास के जन्मदिन के अवसर पर जारी एक वीडियो में अभिनेता और निर्देशक की मुलाकात दिखाई गई। वीडियो में प्रभास मजाकिया अंदाज में प्रशांत नील से अपने जन्मदिन के तोहफे के बारे में पूछते हैं। इस पर निर्देशक कहते हैं कि फिल्म का सीक्वल ही उनके लिए तोहफा है। इसी बातचीत के दौरान दोनों ने शूटिंग शुरू होने की तारीख से जुड़ी जानकारी साझा की।
पहले भाग को मिला था अच्छा प्रतिसाद
होम्बले फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘सालार पार्ट 1 : सीजफायर’ वर्ष 2023 में रिलीज हुई थी। प्रशांत नील के निर्देशन में बनी इस एक्शन फिल्म में प्रभास मुख्य भूमिका में थे। खानसार की काल्पनिक दुनिया पर आधारित फिल्म को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला और इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया।
पहले भाग की सफलता के बाद से ही इसके सीक्वल को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। अब निर्माता दूसरे भाग को और भव्य स्तर पर पेश करने की तैयारी कर रहे हैं।
एक्शन और कहानी को बड़े स्तर पर पेश करने की तैयारी
फिल्म के प्री-प्रोडक्शन और आगे की योजनाओं को लेकर प्रशांत नील ने हाल ही में निर्माता विजय किरागंदूर से मुलाकात की। निर्माताओं का लक्ष्य फिल्म के एक्शन दृश्यों और कहानी की दुनिया को बड़े पैमाने पर प्रस्तुत करना है।
होम्बले फिल्म्स इससे पहले ‘केजीएफ’ और ‘कांतारा’ जैसी फिल्मों के जरिए देशभर में पहचान बना चुका है। ‘सालार’ को सिनेमाघरों के साथ डिजिटल मंच पर भी लोकप्रियता मिली थी। जून 2027 में शूटिंग शुरू होने की पुष्टि के बाद अब प्रशंसकों को फिल्म की कहानी, कलाकारों और रिलीज से जुड़ी अगली जानकारियों का इंतजार है।










