भोपाल, 26 अक्टूबर।
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता के तीसरे दिन बालिका अंडर-20 वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में दीपिका शर्मा ने 9 मिनट 52.58 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, बालक अंडर-20 वर्ग की 5000 मीटर रेस वॉक स्पर्धा में प्रशांत कुमार ने 19 मिनट 55.56 सेकंड में दूरी पूरी कर रजत पदक अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है।
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दीपिका शर्मा और प्रशांत कुमार को उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के युवा खिलाड़ी प्रतिभा, मेहनत और नियमित अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे। खिलाड़ियों की इन सफलताओं से अन्य युवाओं को खेलों में भाग लेने और अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा मिलेगी।











