श्रीनगर, 26 मार्च।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने पूरे जम्मू-कश्मीर में आगामी दिनों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि 26 मार्च की शाम तक मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा, लेकिन इसके बाद कई क्षेत्रों में हल्की बारिश, बर्फबारी, गरज और तेज हवाओं की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेताया है कि 29 से 30 मार्च के बीच मौसम अधिक सक्रिय रहेगा। इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उच्च चोटियों पर भी बर्फ जमी रहने की संभावना है।
31 मार्च को दोपहर तक गरज के साथ तेज हवाएं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। मौसम अधिकारी ने बताया कि 31 मार्च को अधिकतर क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 1 से 4 अप्रैल तक मौसम आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा।
मौसम विभाग ने 28 से 30 मार्च की रात के दौरान गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में मध्यम बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे 26 मार्च और 29 से 31 मार्च तक कृषि कार्यों को स्थगित करें। यात्रियों को भी यह निर्देश दिया गया है कि वे यातायात सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और मौसम के अनुसार यात्रा की योजना बनाएं।











