दिल्ली-एनसीआर, 24 मार्च।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के लिए अस्थिर मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। 26 मार्च को तेज हवाओं, तूफान और बारिश (थंडरस्टॉर्म विद रेन) की संभावना है, वहीं 29 मार्च को भी इसी तरह के मौसम के संकेत मिले हैं। इन दिनों तापमान और आर्द्रता में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी बदलाव दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 24 मार्च को आंशिक बादल छाए रहेंगे। दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 25 मार्च को तापमान 32 से 17 डिग्री और आर्द्रता 70 से 30 प्रतिशत के बीच रहेगी। 26 मार्च को मौसम करवट ले सकता है और आंशिक बादलों के साथ गरज और बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
वायु गुणवत्ता की बात करें तो दिल्ली के कई इलाकों में स्थिति ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ बनी हुई है। आनंद विहार में एक्यूआई 247, चांदनी चौक 226, बवाना 200, आलीपुर 180, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 171, अशोक विहार 163, बुराड़ी क्रॉसिंग 162, कैंटोनमेंट 151, सीआरआरआई मथुरा रोड 137 और डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज 128 दर्ज किया गया।
नोएडा में सेक्टर-125 में 240, सेक्टर-116 में 207, सेक्टर-1 में 200 और सेक्टर-62 में 139 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। गाजियाबाद में लोनी सबसे प्रदूषित रहा (एक्यूआई 246), वसुंधरा 235, इंदिरापुरम 198 और संजय नगर 161 रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 26 मार्च को होने वाली बारिश और तेज हवाओं से वायु प्रदूषण में कमी आ सकती है, जिससे एक्यूआई में सुधार की उम्मीद है।












