भोपाल, 27 मार्च।
मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम के सक्रिय होने के कारण आज शुक्रवार से राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। अगले 24 घंटे में ग्वालियर समेत सात जिलों के लिए तेज हवाओं और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति 30 मार्च तक बनी रह सकती है। प्रदेश के ऊपरी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि पश्चिमी क्षेत्र में दो चक्रवाती परिसंचरण सिस्टम बने हुए हैं। इनके प्रभाव से ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का भी अनुमान है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत लगभग 28 जिलों में 30 मार्च तक बारिश के आसार हैं। 28 मार्च को कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि 30 मार्च को मौसम का असर सबसे अधिक देखने को मिलेगा।
बारिश से पहले प्रदेश में गर्मी ने भी तेवर दिखाए। गुरुवार को नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का उच्चतम है। इसके अलावा रतलाम में 39.6 डिग्री, गुना में 38.6 डिग्री, धार, रायसेन और मंडला में 38.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। कई अन्य जिलों में भी तापमान 37 डिग्री से ऊपर रहा। बड़े शहरों में उज्जैन में 37.7 डिग्री, भोपाल 37.4 डिग्री, इंदौर 37.2 डिग्री, ग्वालियर 38.6 डिग्री और जबलपुर 37.5 डिग्री तापमान रहा।
बता दें कि मार्च में इससे पहले भी दो बार आंधी-बारिश का दौर आ चुका है, जिसमें 45 से अधिक जिलों में असर दिखा और 17 जिलों में ओलावृष्टि हुई थी। अब तीसरा दौर 27 मार्च से शुरू होकर 30 मार्च तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अप्रैल और मई में प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी भी दी है। कई संभागों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ेगा।












