भोपाल, 30 मार्च।
मध्य प्रदेश में मार्च के अंतिम दिनों में मौसम ने फिर करवट ली है। राज्य में एक सक्रिय वेदर सिस्टम रविवार से प्रभाव दिखा रहा है। ग्वालियर सहित कई जिलों में बादलों के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से यह सिस्टम और सक्रिय होगा और अगले 4-5 दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी, बारिश और बादलों का दौर जारी रहेगा। ग्वालियर-चंबल संभाग के भिंड और दतिया जिलों में अगले 24 घंटों में ओलावृष्टि की संभावना है, वहीं भोपाल, जबलपुर और अन्य जिलों में भी मौसम खराब रह सकता है।
अधिक जानकारी में बताया गया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी, पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के सक्रिय होने से मौसम तेजी से बदल रहा है। यह सिस्टम 30 मार्च से पूरे प्रदेश को प्रभावित करेगा। ग्वालियर, चंबल, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के अधिकांश जिलों में 2 अप्रैल तक मौसम में बदलाव जारी रहेगा।
आंधी और बारिश के चलते दिन का तापमान कम रहेगा, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। फिलहाल अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज हो रहा है। रविवार को मंडला में 39.8 डिग्री सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अन्य जिलों में नौगांव और मंडला में 39 डिग्री, दतिया 38.4 डिग्री, नर्मदापुरम 38.3 डिग्री, खरगोन और सतना 38.2 डिग्री, खंडवा 38.1 डिग्री, सिवनी, गुना और उमरिया 38 डिग्री के आसपास, टीकमगढ़, रतलाम, दमोह, मलाजखंड, रीवा, नरसिंहपुर, रायसेन और छिंदवाड़ा 37-38 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
बड़े शहरों में जबलपुर 37.5, भोपाल 36.6, इंदौर 35.8, ग्वालियर 38.2 और उज्जैन 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अप्रैल और मई में गर्मी अपने चरम पर होगी। ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री से अधिक जा सकता है, वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम में भी तेज गर्मी पड़ने की संभावना है।












