मौसम
02 Apr, 2026

पश्चिमी विक्षोभ से राजस्थान में मौसम में बदलाव, कुछ जिलों में बारिश की चेतावनी

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बीकानेर संभाग में तेज हवाओं और बारिश की संभावना के साथ मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है।

जयपुर, 02 अप्रैल।

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। बुधवार को भी प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों में दोपहर के बाद बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई।

बीकानेर संभाग में इस सिस्टम का सबसे अधिक असर देखने को मिला। वहीं, जोधपुर, अजमेर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्के बादलों के कारण धूप कमजोर रही, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, गुरुवार, दो अप्रैल से एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से तीन और चार अप्रैल को प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम फिर करवट लेगा। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ आंधी-बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों में अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर क्षेत्रों में बादल छा गए। इन इलाकों में हल्की से मध्यम हवाएं चलीं और सीमावर्ती क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी हुई।

जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, नागौर, अजमेर, भीलवाड़ा और टोंक में हल्के बादल छाए रहने से तापमान में मामूली गिरावट आई। बुधवार को चित्तौड़गढ़ में सबसे अधिक तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बाड़मेर में 35.5, जोधपुर और बीकानेर में 35.4, कोटा में 35.8, अलवर में 35 और उदयपुर में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। जयपुर, सीकर और अजमेर में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, फलोदी, अलवर, झुंझुनूं, टोंक, सवाई माधोपुर और दौसा जिलों में इस सिस्टम का अधिक असर रहेगा। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।

पाँच अप्रैल से यह सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा और प्रदेश में मौसम सामान्य और साफ रहने लगेगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़