06 अप्रैल, जयपुर।
राज्य में सोमवार से एक नया शक्तिशाली मौसमी सिस्टम सक्रिय होने जा रहा है, जिससे मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार और मंगलवार को लगभग 14 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ओले गिरने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि छह अप्रैल से सक्रिय होने वाला यह सिस्टम सबसे पहले पश्चिमी राजस्थान के जिलों जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर में असर दिखाएगा। यहां दोपहर के बाद मौसम अचानक बदल सकता है, बादलों के साथ तेज आंधी और बारिश होने की संभावना है।
सात अप्रैल को इस सिस्टम का प्रभाव पूरे प्रदेश में महसूस किया जाएगा। अधिकांश जिलों में बादल छाने और बारिश की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। नौ अप्रैल से मौसम फिर से शुष्क होने के आसार हैं।
रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। जयपुर, अजमेर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में दिनभर धूप खिली रही। शाम के समय जयपुर में बादलों के छाने से मौसम सुहावना हो गया और ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी।
पिछले 24 घंटे में कई शहरों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। कोटा, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर और बीकानेर में तापमान सामान्य के आसपास रहा।
मौसम विभाग ने किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज आंधी और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है और खुले स्थानों पर तेज हवाओं से सावधानी बरतने की अपील की गई है। अगले दो दिनों तक राज्य में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा और कई इलाकों में तेज आंधी-बारिश लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर सकती है।


.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)



