शिमला, 04 अप्रैल।
पहाड़ों की रानी शिमला में इस वीकेंड पर्यटकों की संख्या में खासा इजाफा देखा गया है। देश के मैदानी इलाकों में बढ़ रही गर्मी के बीच लोग ठंडे और सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए यहां पहुंच रहे हैं। आधिकारिक समर सीजन 15 अप्रैल से शुरू होना है, लेकिन उससे पहले ही शहर के पर्यटन कारोबार में हलचल बढ़ गई है।
रिज मैदान और मालरोड पर सैलानियों की चहल-पहल देखने को मिली। परिवारों और दोस्तों के साथ घूमने आए पर्यटक मौसम का आनंद ले रहे हैं। स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियों की वजह से भी बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में लोग शिमला का रुख कर रहे हैं। विदेशी सैलानी भी इन दिनों शहर का दौरा कर रहे हैं।
होटल व्यवसायियों के अनुसार इस वीकेंड शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी पहले की तुलना में बेहतर रही। शिमला होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि इस वीकेंड शहर के होटलों में कमरे लगभग 60 प्रतिशत तक भरे हुए थे और आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
मौसम भी सैलानियों के लिए अनुकूल बना हुआ है। शिमला में बीच-बीच में बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है और ठंडक बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
कालका-शिमला हेरिटेज रेल मार्ग पर भी सैलानियों की संख्या बढ़ गई है। कालका से शिमला आने वाली अधिकतर ट्रेनें एडवांस में पैक चल रही हैं और कई ट्रेनों में 15 अप्रैल तक वेटिंग जारी है। कुछ पर्यटक सामान्य डिब्बों में खड़े रहकर भी सफर कर रहे हैं।
कम किराया और पहाड़ों के मनोरम दृश्य सैलानियों को रेल मार्ग का विकल्प चुनने के लिए आकर्षित कर रहे हैं। कालका-शिमला रेललाइन 103 सुरंगों और सैकड़ों छोटे-बड़े पुलों से होकर गुजरती है, जिससे सफर यादगार बन जाता है। हिमालयन क्वीन, शिवालिक डीलक्स और अन्य ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग देखी जा रही है। बंगाल, गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंचे हैं।



.jpg)









