अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन
13 Jun, 2026

कांगड़ा का गौरव: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमके अन्जेश जोशी, 'आयरन मैन 70.3' पूरी कर रचा इतिहास

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के युवा मरीन इंजीनियर अन्जेश जोशी ने फिलीपींस में आयोजित विश्व प्रसिद्ध 'आयरन मैन 70.3' एंड्योरेंस प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक पूरा कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

धर्मशाला, 13 जून।

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कुठार गांव के युवा मरीन इंजीनियर अन्जेश जोशी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने फिलीपींस के सुबिक बे में आयोजित विश्व प्रसिद्ध एंड्योरेंस प्रतियोगिता 'आयरन मैन 70.3' को सफलतापूर्वक पूरा कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

अन्जेश ने इस बेहद कठिन प्रतियोगिता को 6 घंटे 13 मिनट 53 सेकंड में पूरा किया। 30-34 वर्ष आयु वर्ग में उन्होंने 52 प्रतिभागियों के बीच 22वां स्थान और कुल 470 अंतरराष्ट्रीय धावकों में 142वीं रैंक हासिल की। 'आयरन मैन 70.3' दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण सहनशक्ति प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें 1.9 किमी तैराकी, 90 किमी साइकिलिंग और 21.1 किमी की हाफ मैराथन दौड़ शामिल होती है।

मरीन इंजीनियर के तौर पर जहाज पर अपनी सेवा देते हुए, अन्जेश ने सीमित संसाधनों के बीच ट्रेडमिल और स्टेशनरी बाइक के सहारे महीनों तक कठोर अभ्यास किया। फिलीपींस की भीषण गर्मी और उमस जैसी विपरीत परिस्थितियों में उन्होंने अपनी मानसिक और शारीरिक दृढ़ता का शानदार परिचय दिया।

अपने पैतृक स्थान रैत पहुंचने पर शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने स्थानीय निवासियों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक ने उन्हें शाल और हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि अन्जेश की यह उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है। अन्जेश के पिता संजय जोशी सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर हैं, जबकि उनकी माता अंजना जोशी झरेड़ पंचायत की प्रधान हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे कांगड़ा क्षेत्र में उत्सव का माहौल है।

|
आज का राशिफल

लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 36°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़