कैलाशहर, 13 जून।
त्रिपुरा की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शुक्रवार देर शाम बीएसएफ ने तस्करी के एक प्रयास को नाकाम कर दिया। लतियापुरा सीमा के पास सुरक्षा बलों की कार्रवाई में एक बांग्लादेशी तस्कर की मौत हो गई।
बीएसएफ के अनुसार, जवानों ने शाम के समय सीमा पिलर संख्या 1852/14-एस के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखीं। करीब 10 से 12 लोगों का एक गिरोह म्यांमार निर्मित सिगरेट की बड़ी खेप के साथ भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था।
जवानों ने तस्करों को बार-बार रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वे लगातार आगे बढ़ते रहे। स्थिति अनियंत्रित होते देख जवानों ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायरिंग की। इसमें मौलवीबाजार निवासी माजिद अली नामक तस्कर की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीमा पर जवानों की गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी घुसपैठ को रोका जा सके। फिलहाल, इस मामले पर बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध उत्पादों की तस्करी लंबे समय से चिंता का विषय रही है। बीएसएफ और प्रशासनिक अधिकारी इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने में जुटे हैं।










