ग्वालियर, 13 जून।
मध्य प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में शनिवार का दिन विशेष रूप से अपार आईडी निर्माण के लिए समर्पित रहा। राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेशभर के स्कूलों में 'मेगा अपार आईडी दिवस' का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने की प्रक्रिया को गति दी गई।
इस अभियान के दौरान पालकों से प्राप्त सहमति पत्रों के आधार पर बच्चों की अपार आईडी बनाई जा रही है। साथ ही, जिन विद्यार्थियों की आईडी पूर्व में आधार कार्ड में त्रुटि, दस्तावेजों की कमी या अन्य तकनीकी समस्याओं के कारण लंबित थीं, उन प्रकरणों का त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला परियोजना समन्वयक रविन्द्र सिंह तोमर ने इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए अभिभावकों से अपील की है।
अपार आईडी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक उपलब्धियों का एक स्थायी डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है। यह आईडी छात्रवृत्ति, परीक्षा परिणाम, समग्र रिपोर्ट कार्ड, खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों जैसी तमाम जानकारी को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखेगी। इस महत्वपूर्ण कार्य की निगरानी के लिए विकासखंड स्तर पर शिक्षा अधिकारियों और स्त्रोत समन्वयकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।










