नई दिल्ली, 15 जून।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण के लिए व्यापक बदलाव किए हैं। उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ बेहतर सुविधाएं और नए अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि आयकर सुधारों से मिली राहत और जीएसटी के माध्यम से कर प्रणाली में पारदर्शिता आई है। इसके अलावा उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत जैसी पहल ने आम नागरिकों के लिए बुनियादी सुविधाएं सुलभ बनाई हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना ने लोगों को अपने घर का सपना पूरा करने का अवसर दिया है। वहीं, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के जरिए नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला है।
इन प्रयासों से मध्यम वर्ग के उपभोक्ता आज भारत की अर्थव्यवस्था में एक प्रमुख शक्ति बनकर उभरे हैं। वे 'आत्मनिर्भर भारत' और 'विकसित भारत' के संकल्प को गति देने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।












