नई दिल्ली, 15 जून।
अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की पुष्टि के बाद भारतीय शेयर बाजार में आज जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। घरेलू बाजार ने आज सुबह कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ की, जिसके बाद मुनाफावसूली का दौर चला। हालाँकि, खरीदारों के जोरदार समर्थन से सेंसेक्स और निफ्टी ने जल्द ही अपनी रफ्तार वापस पकड़ ली और बाजार में हरियाली छा गई। शुरुआती एक घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.44 प्रतिशत और निफ्टी 1.35 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार करते दिखे।
बाजार के शुरुआती रुझानों में दिग्गज शेयरों का प्रदर्शन शानदार रहा है। श्रीराम फाइनेंस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टूब्रो, इंटरग्लोब एवियशन और टाइटन कंपनी जैसे शेयरों में 3.95 प्रतिशत से लेकर 7.75 प्रतिशत तक की बड़ी उछाल दर्ज की गई। इसके विपरीत, नेस्ले, ओएनजीसी, टेक महिंद्रा, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर मामूली दबाव के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
शेयर बाजार की व्यापक स्थिति पर नजर डालें तो कुल 2,999 शेयरों में सक्रिय कारोबार हुआ, जिनमें से 2,518 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद रहे। सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर और निफ्टी के 50 में से 42 शेयर मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। बीएसई सेंसेक्स 1,197.32 अंक की बढ़त के साथ 76,725.27 पर खुला और 10:15 बजे तक 1,086.51 अंक की तेजी के साथ 76,614.46 के स्तर पर पहुंच गया।
एनएसई निफ्टी ने 361.95 अंक की छलांग के साथ 23,984.85 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद 10:15 बजे तक यह सूचकांक 317.80 अंक की बढ़त के साथ 23,940.70 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र में शुक्रवार को सेंसेक्स 75,527.95 पर और निफ्टी 23,622.90 के स्तर पर बंद हुए थे।













