नई दिल्ली, 13 जून।
देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 14 जून को दिल्ली में दोपहर और शाम के समय गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा कुछ स्थानों पर इनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। तापमान में भी आंशिक गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई गई है।
15 जून को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। वहीं 16 जून को एक बार फिर तेज हवाओं और गर्जना के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है।
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के विभिन्न क्षेत्रों में 14 से 16 जून के बीच भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ इलाकों में 17 से 19 जून के दौरान बहुत भारी बारिश होने के संकेत हैं।
दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और माहे के कुछ क्षेत्रों में भी भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। दूसरी ओर मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक लू चलने की आशंका भी जताई गई है।















