नई दिल्ली, 13 जून।
असम के जोरहाट स्थित वायुसेना स्टेशन पर एएन-32 परिवहन विमान दुर्घटना में शहीद हुए पांच वायुसेना कर्मियों को देशभर के नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शोक व्यक्त करते हुए शहीद जवानों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जोरहाट में हुए एएन-32 विमान हादसे में पांच वायुयोद्धाओं का निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया है। देश उनके साहस, समर्पण और सेवा को सदैव गर्व के साथ याद रखेगा।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि राष्ट्र ने अपने पांच वीर वायुयोद्धाओं को खो दिया है। उन्होंने कहा कि सभी जवानों ने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसे देश कभी नहीं भूलेगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि असम में भारतीय वायुसेना के विमान हादसे में पांच बहादुर जवानों का निधन बेहद दुखद है और यह पूरे देश के लिए बड़ी क्षति है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि वायुसेना विमान दुर्घटना में पांच जवानों की शहादत का समाचार अत्यंत वेदनापूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश हमेशा अपने वीर सैनिकों और उनके परिवारों का ऋणी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को असम के जोरहाट वायुसेना स्टेशन पर एएन-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में विमान में सवार पांच वायुसेना कर्मियों की जान चली गई। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है और वायुसेना ने मामले में विस्तृत जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।












